logo

भूपेंद्र पटेल होंगे गुजरात के अगले मुख्यमंत्री, सोमवार को ले सकते हैं शपथ 

भूपेंद्र पटेल होंगे गुजरात के अगले मुख्यमंत्री, सोमवार को ले सकते हैं शपथ 

द फॉलोअप टीम, गांधीनगर:

कई नामों को पीछे छोड़ते हुए जिनका नाम गुजरात के अगले मुख्यमंत्री के लिए चुना गया है, वह चौकाने वाला है। सीएम के नए चेहरे की तलाश पूरी हो गई है। जी हां गुजरात के नए मुख्यमंत्री पद के लिए भूपेंद्र पटेल का नाम सामने आया है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उनके नाम का एलान किया है। गांधीनगर में पार्टी के मुख्यालय में विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बता दें कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने जब से अपने पद से इस्तीफा दिया तब से ही लगातार यह चर्चा थी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। 

प्रधानमंत्री का किया शुक्रिया 

भूपेंद्र पटेल ने अपने नाम का एलान होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को शुक्रिया कहा है। इस वक़्त उनके घर पर खुशियां मनाई जा रही हैं। भूपेंद्र पटेल को भी ये अंदाज़ा नहीं था कि उनका नाम सीएम पद के लिए चुना जायेगा। वह आज की बैठक में पीछे बैठे थे। तभी उनके नाम का एलान हुआ।  उनको बधाई देने वालों का तांता लग गया है। कुछ देर में भूपेंद्र पटेल राज्यपाल से मुलाकात करने जाएंगे। जानकारी की मुताबिक़ सोमवार को 15 मंत्री शपथ ले सकते हैं। 

कल ही विजय रुपाणी ने दिया था इस्तीफा

बता दें कि शनिवार को ही गुजरात के सीएम विजय रुपाणी ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने राज्य के गवर्नर आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा देने के बाद विजय रुपाणी ने कहा कि बीजेपी की ये परंपरा रही है कि समय के साथ साथ कार्यकर्ताओं के दायित्व भी बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि ये हमारी पार्टी की विशेषता है कि जो दायित्व पार्टी द्वारा दिया जाता है पूरे मनोयोग से पार्टी कार्यकर्ता उसका निर्वहन करते हैं।